मां बनना एक ऐसा एहसास है जिसे दुनिया की हर महिला अनुभव करना चाहती है। दुनिया में किसी नई जिंदगी को लाना अपने आप में एक अलग ही एहसास होता है। एक मां को भगवान का दर्जा दिया जाता है। एक समय था जब लड़कियों की शादी 18 साल की उम्र में कर दी जाती थी और फिर कुछ सालों में वो मां बन जाती और अपना घर संभालती। वहीं बात करें आज के समय की तो आज के समय में महिलाएं अपने करियर के चलते शादी 30 की उम्र के बाद करती हैं।
बात करें बॉलीवुड एक्ट्रेसेस की तो बॉलीवुड में ऐसी कई ऐक्ट्रेसेस हुई हैं जिन्होंने अपने करियर और परिवार दोनों को एक जैसी महत्ता दी है। लेकिन वहीं कुछ ऐसी भी अभिनेत्रियां रही हैं जिन्होंने अपने परिवार के चलते अपना फिल्मी करियर छोड़ दिया, इन ऐक्ट्रेसेस ने अपने परिवार की खातिर अपने करियर तक से समझौता कर लिया और बहुत ही कम उम्र में मां बन गई।
नीतू सिंह (Neetu Singh)
बात करें बॉलीवुड एक्ट्रेस नीतू सिंह की तो वो अपने समय की जानी-मानी अदाकारा थीं। नीतू सिंह ने अपने फिल्मी करियर में बहुत सी अच्छी फिल्मों में काम किया। फिल्मों के दौरान ही नीतू सिंह और ऋषि कपूर को एक-दूसरे से प्यार हुआ, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। बता दें कि नीतू सिंह महज 21 साल की उम्र में मां बन गई थीं और उन्होंने रणबीर कपूर को जन्म दिया।
डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia )
डिंपल कपाड़िया अपनी खूबसूरती के साथ अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए भी जानी जाती थीं। बता दें कि डिंपल कपाडिया ने जब फिल्मों में काम शुरू किया तो वह अपनी बोल्डनेस को लेकर खबरों में बनी रहती थीं। डिंपल की खूबसूरती के लाखों दीवाने थे। डिंपल ने महज 16 साल की उम्र में फिल्म ‘बॉबी’ में काम किया था, जिसके बाद उन्होंने राजेश खन्ना से शादी कर ली और महज 17 साल की उम्र में ट्विंकल खन्ना की मां बन गयीं। ट्विंकल खन्ना के जन्म के 3 साल बाद उन्होंने अपनी दूसरी बेटी रिंकी खन्ना को जन्म दिया।
भाग्यश्री (Bhagyashree)
सलमान खान के साथ फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली भाग्यश्री ने जब बॉलीवुड में एंट्री की तो लोग उनकी खूबसूरती के दीवाने हो गए थे। उनका फिल्मी करियर बहुत अच्छा चल रहा था। लेकिन महज 17 साल की उम्र में ही भाग्यश्री ने हिमालय दासानी से शादी कर ली, जिसके बाद शादी के तीन साल बाद महज 20 साल की उम्र में वो मां बन गयीं। आज भाग्यश्री के दो बच्चे हैं जिनका नाम अवंतिका और अभिमन्यु दासानी है। सुनने में आया था कि भाग्यश्री शादी से पहले गर्भवती थीं, जिसके चलते आनन-फानन में उन्हें शादी करनी पड़ी।
उर्वशी ढोलकिया (Urvashi Dholakia)
टीवी सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ में विलेन का किरदार निभाने वाली उर्वशी ढोलकिया ने भी अपने अभिनय से लोगों के दिलों में जगह बना ली थी। बता दें कि इस सीरियल से वो इतनी ज्यादा फेमस हुईं कि लोग उन्हें उनके असली नाम की जगह कोमोलिका के नाम से ही जानते थे। लेकिन जहां करियर के मामले में उर्वशी की किस्मत अच्छी रही वहीं उनकी पर्सनल लाइफ काफी उथल-पुथल भरी रही। उर्वशी की पर्सनल लाइफ उतनी सुलझी हुई नहीं थी। सूत्रों की मानें तो उनकी 16 साल की उम्र में ही शादी हो गई थी और महज 17 की उम्र में उन्होंने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया।