Karva Chauth 2021 Vrat Vidhi Shubh Muhurat: हिंदू पंचांग के अनुसार, करवाचौथ का व्रत हर साल, कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को रखा जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घ आयु और खुशहर वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और रात होने पर चाँद को देखकर ही व्रत का उद्यापन करती हैं। इस साल करवा चौथ का त्यौहार रविवार, 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं करवाचौथ के शुभ मुहूर्त और पुजा विधि के बारे में।
पूजा का शुभ मुहूर्त(Karva Chauth Shubh Muhurat 2021)
रविवार, 24 अक्टूबर को सुबह 03 बजकर 01 मिनट से चतुर्थी तिथि का आरंभ होगा, जो कि सोमवार, 25 अक्टूबर को सुबह 05 बजकर 43 मिनट पर समाप्त होगा। इस दौरान करवा चौथ की पूजा का शुभ मुहूर्त 24 अक्टूबर की शाम 05 बजकर 43 मिनट से 06 बजकर 59 मिनट तक रहेगा।
बन रहा विशेष संयोग-
इस साल करवाचौथ के दिन एक बेहद खास संयोग बन रहा है। दरअसल, इस बार करवा चौथ का चाँद रोहिणी नक्षत्र में निकलेगा और इस नक्षत्र में व्रत रखना बेहद शुभ माना जाता है। 24 अक्टूबर की रात करीब 08 बजकर 07 मिनट पर चाँद के दर्शन हो सकते हैं, जिसके बाद महिलाएं अपना व्रत खोल सकती हैं।
पूजा विधि(Karva Chauth Vrat Vidhi 2021)
- पूजा करने के लिए सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें और मंदिर की साफ- सफाई कर दीपक जलाएं।
- अब देवी-देवताओं की पूजा करें और निर्जला व्रत रखने का संकल्प लें।
- करवाचौथ के दिन भगवान शिव के परिवार की पूजा करने का विशेष महत्व है। इसलिए सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें, क्योंकि हर शुभ कार्य करने से पहले उन्हें पूजा जाता है।
- उसके बाद माता पार्वती, भगवान शिव और भगवान कार्तिकेय की पूजा करें।
- शाम ढ़ले चाँद निकलने पर, चाँद की पूजा करें , जल अर्पित करें और उसके बाद छलनी से चाँद को व पति को देखें।
- इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व मिठाई खाकर व्रत का उद्यापन करें और पति के पाँव छूकर उनका आशीर्वाद लें।
आप सभी को हमारी तरफ से करवाचौथ की हार्दिक शुभकामनाएँ।